Welcome To Our P.G. College
Home
उच्च शिक्षा मानवीय प्रगति का मूलाधार है। परिवार, समाज एवं संस्कृति के प्रति उचित दृष्टिकोण का विकास तथा अन्याय, द्वेष, विशेषाधिकार, दबाव आदि के विरोध का साहस और तमाम सारे आघातों से बचने के लिए कवच के रूप में एक अपरिहार्य आवश्यकता है। इन्हीं विचारों का प्रतिफल है जमुनापार के ग्रामीणांचल गौहनियाँ स्थापित गाँधी शान्ति निकेतन पी. जी. कालेज, जिसे मूर्तरूप दिया बारा क्षेत्र के पूर्व विधायक पं० रमाकान्त मिश्र जी ने। सौम्य व्यक्तित्व के धनी तथा डेढ़ दर्जन प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा के केन्द्रों की स्थापना का कीर्तिमान स्थापित कर चुके श्री मिश्र जी की मान्यता है कि राष्ट्र एवं समाज के उत्थान के लिए सभी व्यक्तियों एवं वर्गों की पूरी भागीदारी अत्यन्त महत्वपूर्ण है, साथ-साथ राष्ट्र की उन्नति के लिए पूरे समाज को शैक्षिक, सामाजिक एंव आर्थिक दृष्टि से सुदृढ़ होना भी आवश्यक है। इसके लिए शिक्षा एक सेतु का काम करती है। वह समाज के सर्वागीण विकास का सशक्त माध्यम है। यह सच है कि बारा तथा करछना तहसील के निर्धन बाहुल्य क्षेत्र के अधिकांश अभिभावक प्रायः अधिक व्यय भार वहन न कर पाने के कारण अपनी सन्ततियों को न चाहते हुए भी उच्च शिक्षा से वंचित रखने को विवश थे। यह अपने में विचारणीय विषय था जो श्री मिश्र के विद्यानुरागी, संवेदनशील हृदय को झकझोरता रहा। अन्ततः एक सकारात्मक संकल्प के साथ इस दिशा में अभियान प्रारम्भ हुआ और 1999 में उत्तर प्रदेश सरकार के तत्कालीन उच्च शिक्षा मंत्री डॉ० नरेन्द्र
कुमार सिंह गौर तथा उच्च शिक्षा राज्यमंत्री श्री राकेशधर त्रिपाठी के सहयोग से महामहिम राज्यपाल/कुलधिपति द्वारा मान्यता / सम्बद्धता 23-1-99 को प्राप्त हुई। सत्र 2008 में महाविद्यालय की स्थाई सम्बद्धत्ता छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर द्वारा प्राप्त हो गयी है। सन् 2020 में एम.एस-सी, एम.ए. की मान्यता प्रो. राजेन्द्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय, प्रयागराज द्वारा मान्यता प्राप्त हो गई है।
पी. जी. कालेज के प्रथम शैक्षिक सत्र का उद्घाटन विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित तिथि 16 जुलाई, 1999 ई0 को क्षेत्रीय सांसद एवं पूर्व केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ० मुरली मनोहर जोशी द्वारा किया गया जिसकी अध्यक्षता उच्च शिक्षा राज्य मंत्री श्री राकेशधर त्रिपाठी ने किया। प्रथम सत्र में ही 461 छात्र ने बी0ए0 (भाग - 1 ) में प्रवेश लेकर शिक्षा ग्रहण किया। इस अवसर पर जमुनापार क्षेत्र के वरिष्ठ नेता, पूर्व सांसद एवं मंत्री श्री के0 पी0 तिवारी, सदस्य विधान परिषद, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
